शहडोल: पुलिस वाहन देख तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, त्रिस्तरीय जांच दल गठित

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: पुलिस वाहन देख तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, त्रिस्तरीय जांच दल गठित


शहडोल: पुलिस वाहन देख तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, त्रिस्तरीय जांच दल गठित


शहडोल: पुलिस वाहन देख तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, त्रिस्तरीय जांच दल गठित


शहडोल, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय में सोमवार रात पुलिस वाहन देखकर चार युवक तालाब में कूद गए। इनमें तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक तैरकर बाहर निकल आया। करीब एक घंटे बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना चौपाटी के पीछे स्थित तालाब की है। इसके बाद जिला अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया।

सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में तलाश शुरू की गई। मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। तीनों युवक कांग्रेस भवन के पीछे वंशकार मोहल्ले में रहते थे। वहीं, पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर है। उसका इलाज जारी है। वहीं जिला प्रशासन ने मंगलवार को घटना की जांच हेतु त्रिस्तरीय जांच दल गठित करते हुए परिजनों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है।

रात में एडीएम अस्पताल पहुंचे

रात में जिला प्रशासन की ओर से एडीएम सरोधन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी से बात की। उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में परिजनों और कांग्रेस नेताओं से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

डॉक्टर नहीं मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धरने पर बैठे

युवकों को अस्पताल लाने के बाद परिजनों ने डॉक्टरों के मौजूद नहीं होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। रात में जिला कांग्रेस के अध्यक्ष अजय अवस्थी भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों की अनुपस्थिति और एंबुलेंस में देरी को लेकर विरोध जताया। इसके बाद वे अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए। अवस्थी ने आरोप लगाया कि न तो एंबुलेंस समय पर मौके पर पहुंची और न ही जिला अस्पताल में डॉक्टर मिले। उनका कहना था कि समय पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की उपलब्धता होती तो युवकों की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद तहसीलदार समेत प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

तालाब में कूदने की वजह स्पष्ट नहीं

सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि चार युवक तालाब में कूदे थे। इनमें से एक बाहर निकल आया, जबकि तीन की डूबने से मौत हो गई। युवकों के तालाब में कूदने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की जांच हेतु त्रिस्तरीय जांच दल गठित,परिजनों को 25-25 हजार रुपये की सहायता

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अमृता गर्ग ने मंगलवार को जानकारी दी है कि 9 नवंबर की शाम को शहडोल चौपाटी के पीछे बने तालाब में तीन बच्चों के डूबने की घटना सामने आई है और उसके संबंध में कलेक्टर पार्थ जायसवाल द्वारा त्रिस्तरीय जांच दल का गठन किया गया है। जिसमें अपर कलेक्टर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन हैं। जिनके द्वारा बारीकी से चीजों की जांच की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनो को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि तत्काल प्रभाव से स्वीकृत की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774649 Articles

Share this story