भोपाल में अवैध कॉलोनी की चार पक्की दीवारें जेसीबी से तोड़ीं, अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में अवैध कॉलोनी की चार पक्की दीवारें जेसीबी से तोड़ीं, अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई


भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान कटारा हिल्स क्षेत्र में अवैध कॉलोनी की चार पक्की दीवारों को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया। इसके अलावा फुटपाथ, सड़कों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुगम कराया गया।

नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों और नियमित कार्रवाई के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से लगाई गई किचन गार्डन की जालियां, चबूतरे, छप्पर, टीन शेड, नालियों पर रखी फर्शियां और आवागमन में बाधक वाहन हटाए गए। फुटपाथ पर लगी सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानों के साथ ठेले, गुमठियां, पान पार्लर तथा दुकानों के बाहर रखा सामान भी हटाया गया।

निगम की टीम ने बिरला मंदिर क्षेत्र में तीन दुकानों के बाहर बने अस्थाई छप्पर हटाए, जबकि 11 मील स्थित इंडस टाउन में एक अस्थाई टीन शेड तोड़ा। नेहरू नगर में अवैध रूप से लगाई गई किचन गार्डन की जाली हटाई गई। रातीबड़ में सड़क पर संचालित पंचर की दुकान हटाई गई। लालघाटी स्थित केयरवेल अस्पताल के पास नाले पर रखे कबाड़ की दुकान के सामान को हटाया गया।

इसी तरह रत्नागिरी क्षेत्र में दो घरों के सामने अवैध रूप से बनाए गए चबूतरे तोड़े गए। काजी कैंप में नाली के ऊपर रखी फर्शियां हटाई गईं, जबकि पुष्पा नगर में आवागमन में बाधक बने दो चारपहिया वाहनों को हटाया गया।

अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने बिरला मंदिर, बोट क्लब, वल्लभ भवन, न्यू मार्केट, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, नेहरू नगर, सूरज नगर, शाहपुरा, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर जोन-1, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद चौराहा, गांधी नगर, लालघाटी, बैरागढ़, नादरा बस स्टैंड, काजी कैंप, टीला जमालपुरा, अशोका गार्डन और पुष्पा नगर सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में कार्रवाई की।

इसके अतिरिक्त भवन अनुज्ञा शाखा के सहयोग से कटारा हिल्स में अवैध कॉलोनी की चार पक्की दीवारों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story