अनूपपुर: जिले की दोनों सीमाओं छग और डिंडोरी से 4 हाथियों ने किया प्रवेश
अनूपपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के वन क्षेत्रों में एक बार फिर हाथियों की हलचल बढ़ गई है। एक सप्ताह में चार हाथियों ने अलग-अलग दिशाओं से अनूपपुर वनमंडल में प्रवेश किया है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दो भागों में बटे चार हाथियों का समूह शुक्रवार की रात डिंडौंरी एवं मरवाही जिले की सीमा को पार कर एक बार फिर से अनूपपुर जिले में प्रवेश कर विचरण करते हुए शनिवार को जंगल में डेरा जमा लिया है। वही बीती रात्रि खेतों में लगी विभिन्न तरह की फसलो को अपना आहार बनाया है।
जानकारी के अनुसार, तीन हाथियों का एक समूह डिंडोरी जिले की सीमा पार कर शनिवार सुबह अनूपपुर के राजेंद्रग्राम वन क्षेत्र में वापस पहुंचा। वहीं, छत्तीसगढ़ के मरवाही इलाके से एक अकेला दो दांतों वाला हाथी जैतहरी वन क्षेत्र में दाखिल हुआ है। बताया जा रहा है कि तीनों हाथी कुछ दिन पहले जोहिला नदी पार कर डिंडोरी चले गए थे। शुक्रवार रात वे वापस लौटे और शनिवार सुबह तुलरा बीट के टिकरादूधी गांव पहुंच गए। यहां खेत में लगी चना और गेहूं की फसल खा ली। फिलहाल यह समूह पास के जंगल में आराम कर रहा है।
जैतहरी में भी हाथी का आतंक
दूसरी ओर छत्तीसगढ़ मरवाही से आया एक हाथी जिले के जैतहरी के चोलना बीट में पहुंचा। यहां उसने गांव के एक खेत में लगी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वह आसपास के जंगलों की ओर बढ़ गया, जहां फिलहाल उसके होने की सूचना है।
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को चेतावनी
वन विभाग लगातार इन हाथियों की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों इलाकों में टीमें तैनात हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर जैतहरी क्षेत्र में विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

