चंदेरी पहुंची दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’, धीरेंद्र शास्त्री पर कसा तंज
चंदेरी, 18 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ बुधवार को ऐतिहासिक नगरी चंदेरी पहुंची। इस दौरान उन्होंने मंदिरों में चोरी, धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं और अयोध्या में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। वहीं, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को लेकर भी उन्होंने राजनीतिक कटाक्ष किया। उनके बयानों के बाद धार्मिक और राजनीतिक मुद्दे चर्चा के केंद्र में आ गए।
ओरछा स्थित रामराजा सरकार मंदिर में करीब 50 वर्ष पहले सवा मन सोने के कलश की चोरी, वर्ष 2017 में भगवान के 24 सोने के आभूषण चोरी होने और हाल ही में मंदिर के खजाने के तालों से छेड़छाड़ का मामला पत्रकारों ने उठाया। इस पर दिग्विजय सिंह ने भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और उनसे जुड़े संगठनों के साथ प्रदेश की वर्तमान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मंदिरों से जुड़े मामलों में जवाबदेही और धार्मिक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए।
अयोध्या में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर पत्रकारों ने उनसे पूछा कि इस मामले को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक क्यों नहीं ले जाया गया। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब इस मुद्दे को न्यायालय तक पहुंचाएंगे।
धीरेंद्र शास्त्री पर चुनावी अंदाज में कसा तंज
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिन स्थानों पर धीरेंद्र शास्त्री ने कथाएं की हैं, वहां के प्रत्याशी चुनाव हार गए हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि वे चाहते हैं कि भाजपा हर जगह धीरेंद्र शास्त्री से कथा करवाए, ताकि उसके प्रत्याशी चुनाव हार जाएं। उनके इस बयान को भाजपा पर राजनीतिक कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही का मुद्दा उठाया। मंदिरों में चोरी की घटनाओं, धार्मिक आयोजनों से जुड़े विवादों और चंदे के कथित दुरुपयोग को लेकर उन्होंने भाजपा तथा उससे जुड़े संगठनों को घेरा।
चंदेरी में हुआ यात्रा का पड़ाव
‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के चंदेरी पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान रखने वाली चंदेरी में यात्रा के दौरान सनातन परंपरा, मंदिरों की व्यवस्थाओं और राजनीतिक विषयों पर दिग्विजय सिंह के विचार सामने आए। उनके बयानों के बाद मंदिरों में चोरी के पुराने मामलों और धीरेंद्र शास्त्री पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
हिन्दुस्थान समाचार/निर्मल
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

