दमोह : फुटपाथों पर अतिक्रमण का कब्जा, सड़क पर चलने को मजबूर पैदल यात्री
दमोह, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह शहर में बढ़ता अतिक्रमण अब आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए फुटपाथ दुकानदारों, हाथ ठेलों और वाहनों की पार्किंग के कारण गायब होते जा रहे हैं। हालात यह हैं कि लोगों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
शहर के घंटाघर, बस स्टैंड, बड़ापुल, कचौरा बाजार, एवरेस्ट तिराहा, जिला अस्पताल मार्ग, स्टेशन रोड, बैंक चौराहा और कलेक्ट्रेट मार्ग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में फुटपाथों पर अतिक्रमण की समस्या सबसे ज्यादा दिखाई दे रही है। इन स्थानों पर पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता तक उपलब्ध नहीं है।
शहर के विभिन्न मार्गों पर स्थिति का जायजा लेने पर सामने आया कि कई दुकानदारों ने फुटपाथ तक अपना सामान फैला रखा है। वहीं फल-सब्जी विक्रेता और हाथ ठेला संचालक भी फुटपाथों पर ही खड़े रहते हैं। कई जगह दोपहिया और चारपहिया वाहन भी फुटपाथ पर पार्क कर दिए जाते हैं। इससे पैदल यात्रियों को मजबूरी में मुख्य सड़क पर उतरना पड़ता है।
घंटाघर से कचौरा बाजार, बड़ापुल मार्ग और बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। शाम के समय खरीदारी के दौरान यहां यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
जिला अस्पताल से पलंदी चौराहा तक का मार्ग भी अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहा है। इस मार्ग से रोजाना मरीज, बुजुर्ग और उनके परिजन गुजरते हैं, लेकिन फुटपाथ पर कब्जे के कारण उन्हें सड़क पर चलना पड़ता है। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
टंडन बगीचा स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात प्रभावित हो रहा है। इसी मार्ग से बसों का संचालन भी होता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
शहरवासियों का कहना है कि छोटे व्यापारियों और हाथ ठेला संचालकों का रोजगार भी जरूरी है, लेकिन इसके लिए व्यवस्थित योजना बनाई जानी चाहिए। नागरिकों ने सुझाव दिया है कि नगर पालिका फुटकर व्यापारियों के लिए अलग वेंडिंग जोन विकसित करे, जिससे व्यापारियों का रोजगार भी सुरक्षित रहे और फुटपाथ आम लोगों के लिए खाली हो सकें।
नगर पालिका द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ दिनों बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए नियमित निगरानी और सख्त व्यवस्था जरूरी है।
नगर पालिका परिषद दमोह के सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में घंटाघर क्षेत्र में कार्रवाई की गई थी और आने वाले दिनों में विशेष अभियान चलाकर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
शहरवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने के साथ ही फुटपाथों को सुरक्षित रखा जाए और छोटे व्यापारियों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

