जबलपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, डेयरी और डी-मार्ट से लिए गए 8 खाद्य पदार्थों के सैंपल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, डेयरी और डी-मार्ट से लिए गए 8 खाद्य पदार्थों के सैंपल


जबलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के दो प्रमुख प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले राइट टाउन स्थित श्री गणेश डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से दूध, दही, टोस्ट और रोस्टेड ब्रेड के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए। इसके बाद टीम विजय नगर स्थित डी-मार्ट पहुंची, जहां पैक्ड खाद्य सामग्री और मसाला सेक्शन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गोवर्धन घी, मिल्की मिस्ट घी, मिर्च पाउडर और सौंफ के नमूने एकत्र कर सीलबंद किए गए।

दोनों प्रतिष्ठानों से कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी नमूने में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story