उज्जैनः होटल-रेस्टोरेंट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाई कमियाँ, सुधार के लिए नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः होटल-रेस्टोरेंट्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाई कमियाँ, सुधार के लिए नोटिस जारी


उज्जैन , 13 सितंबर (हि.स.)। उज्जैन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने उज्जैन शहर के विभिन्न होटलों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण, लेबलिंग, स्वच्छता, खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस, एफआईएफओ/एफइएफओ व्यवस्था, जल परीक्षण तथा अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों की रविवार को गहन जाँच की। निरीक्षण के दौरान कमियाँ पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुधार सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं।

विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन सहित कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। बताया कि कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानक व मिलावटी खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया गया।

इन होटल ओर रेस्टोरेंट का किया निरीक्षण

1. होटल अंजुश्री, इंदौर रोड

2. होटल मित्तल एवेन्यू, इंदौर रोड

3. एमपीटी क्षिप्रा रेसीडेंसी, माधव क्लब रोड

4. इण्डियन काफी हाउस, पुलिस कंट्रोल रूम के समीप

5. श्री मार्तण्ड होटल, भगवती पार्क, पुलिस कंट्रोल रूम के सामने

6. बनाना लिफ, सेठी बिल्डिंग के सामने

निरीक्षण के प्रमुख बिंदु

विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार निरीक्षण के बिंदु इसप्रकार थे-

1. व्यक्तिगत स्वच्छता

2. कच्ची खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं क्रय-विक्रय रिकॉर्ड

3. खाद्य पदार्थों का भंडारण

4. खाद्य पदार्थों की लेबलिंग की जाँच

5. किचन की स्वच्छता

6. खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस

7. एफआईएफओ/एफइएफओ व्यवस्था

8. जल परीक्षण

9. अन्य खाद्य सुरक्षा मानक

विभाग ने आमजन से अपील है कि वे केवल लाइसेंसधारी एवं स्वच्छ प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री का सेवन करें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य असुरक्षा या मिलावट की शिकायत खाद्य सुरक्षा प्रशासन को तत्काल सूचित करें। प्रशासन शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी एवं कार्यवाही जारी रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story