लोकगीतों के माध्यम से अमर शहीद बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि, निमाड़ी सुरों से गूंजा शहीद भवन

WhatsApp Channel Join Now
लोकगीतों के माध्यम से अमर शहीद बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि, निमाड़ी सुरों से गूंजा शहीद भवन


भोपाल, 09 जून (हि.स.)। अमर शहीद बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर राजधानी भाेेेेपाल के स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा शहीद भवन में मंगलवार को स्मरणोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निमाड़ी लोकगीतों और भजनों के माध्यम से जनजातीय नायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत खरगौन के सुप्रसिद्ध निमाड़ी लोकगायक शिव भाई गुप्ता द्वारा मां नर्मदा की स्तुति में प्रस्तुत भजन से हुई। इसके बाद अतिथियों और उपस्थित जनों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्वराज संस्थान संचालनालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा कला प्रेमियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के संघर्ष, वीरता और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया गया।

लोकगायक शिव भाई गुप्ता और उनके साथियों ने कलिमल हरणी मंगल करणी, बिरसा मुंडा क्रांतिकारी आजादी का लेन, बड़ी मुश्किल से मिली आजादी, गरवी नको रखवालो नाम वको टंट्या, रनुबाई पानी क जाए, म्हारा बिरसा मुंडाजी माता भारती तथा बहती नर्मदा सतपुड़ा पहाड़ छे सहित कई लोकप्रिय निमाड़ी लोकगीत प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को लोक संस्कृति और देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

मंच पर सहगायक के रूप में शुभम गुप्ता और मुकेश यादव ने साथ दिया। वहीं विशाल साध ने ऑर्गन, मोहित पाटिल ने ऑक्टोपैड, रामबली पटेल ने ढोलक तथा राम यादव ने तबले पर संगत कर कार्यक्रम को जीवंत बनाया।

कार्यक्रम का संचालन सुनीता सिंह ने किया। उन्होंने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े प्रसंगों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को उनकी गौरवगाथा से परिचित कराया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story