शहडोल: फूलों की खेती से महक रही किसानों की जिंदगी, शहडोल के 400 किसान 100 हेक्टेयर में कर रहे फूलों का उत्पादन

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: फूलों की खेती से महक रही किसानों की जिंदगी, शहडोल के 400 किसान 100 हेक्टेयर में कर रहे फूलों का उत्पादन


शहडोल: फूलों की खेती से महक रही किसानों की जिंदगी, शहडोल के 400 किसान 100 हेक्टेयर में कर रहे फूलों का उत्पादन


शहडोल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में किसान अब परंपरागत खेती के साथ फूलों की खेती को भी अपनी आय का प्रमुख साधन बना रहे हैं। खेती-किसानी के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाने का यह रुझान किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मददगार साबित हो रहा है। जिले में लगभग 400 किसान 100 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न किस्मों के फूलों की खेती कर रहे हैं। खास बात यह है कि किसान छोटे-छोटे रकबे में फूलों का उत्पादन कर स्थानीय बाजार में ही उनका विक्रय कर लेते हैं, जिससे उन्हें उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता।

सोहागपुर जनपद के ग्राम नारंगी के युवा किसान तनवीर इसका उदाहरण हैं। उन्होंने परंपरागत खेती के साथ फूलों की खेती को अपनाते हुए चार एकड़ भूमि में गेंदे के फूलों का उत्पादन शुरू किया। इससे उन्हें सालाना लगभग चार लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इसके अलावा वे पांच एकड़ भूमि में विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर सालाना लगभग तीन लाख रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती ने उनकी आमदनी के नए रास्ते खोले हैं।

किसानों को फूलों एवं उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने में उद्यानिकी विभाग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विभाग द्वारा किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण, उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी, कृषि भ्रमण, बीज उपलब्ध कराने तथा फसलों के अनुरूप समसामयिक सलाह दी जाती है। शासन की उद्यानिकी विकास संबंधी योजनाओं के माध्यम से किसानों को परंपरागत खेती के साथ फल, फूल एवं सब्जियों का उत्पादन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की आय के स्रोत बढ़ाना और कम भूमि में विविध फसलों के माध्यम से बेहतर आर्थिक लाभ के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर अमृता गर्ग ने ग्राम नारंगी पहुंचकर युवा किसान तनवीर द्वारा की जा रही गेंदे की खेती का रविवार को अवलोकन कर फूलों के उत्पादन, खेती की पद्धति एवं बाजार में विक्रय की व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान सहायक संचालक उद्यानिकी अमिता गुर्जर एवं उद्यान विकास अधिकारी विक्रम कलमें भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए विभागीय योजनाओं एवं तकनीकी मार्गदर्शन का लाभ लेने की बात कही।

जिले में फूलों की खेती के प्रति बढ़ता रुझान इस बात का संकेत है कि किसान अब पारंपरिक खेती के साथ नए विकल्प भी अपना रहे हैं। स्थानीय मांग के अनुरूप फूलों का उत्पादन किसानों को अतिरिक्त आमदनी देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story