जबलपुर पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


जबलपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि एवं दुर्गोत्सव पर्व के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को जबलपुर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला। शाम 6 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुए इस मार्च का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में निकाले गए फ्लैग मार्च के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी.एस. गोठरिया सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने थानों के पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य के नेतृत्व में पुलिस लाइन का अतिरिक्त बल भी मार्च में शामिल हुआ।

फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर घंटाघर, बड़ी ओमती, भरतीपुर, गलगला, फूटाताल, सराफा चौक, कोतवाली थाना, मिलौनीगंज, मछली मार्केट, नालबंद मोहल्ला, बूढ़ी खेरमाई, चार खंबा और बेनी सिंह की तलैया से होते हुए गोहलपुर तिराहे पर रात्रि 8:30 पर समाप्त हुआ।

दुर्गोत्सव के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील मार्गों पर पैदल भ्रमण किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी प्रदर्शित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story