जबलपुरः ईद मिलादुन्नवी पर जबलपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई सुरक्षा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः ईद मिलादुन्नवी पर जबलपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई सुरक्षा


जबलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ईद मिलादुन्नवी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने मंगलवार को शहर के संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर फ्लैग मार्च किया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर निकाले गए फ्लैग मार्च का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर, नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी तथा नगर पुलिस अधीक्षक कैंट गोहलपुर उदयभान बागरी ने किया।

फ्लैग मार्च में ओमती, लार्डगंज, कोतवाली, हनुमानताल, गोहलपुर, बेलबाग, घमापुर, कैंट और गोराबाजार थानों का पुलिस बल तथा पुलिस लाइन का बल शामिल रहा। अधिकारियों और पुलिस जवानों ने संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर ओमती चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, कोतवाली, मिलौनीगंज, मछली मार्केट, चारखम्बा, बहोराबाग, मंडी मदार टेकरी, सिंधी कैंप, भानतलैया, घमापुर चौक, तहसील चौक, हाईकोर्ट चौक, पर्यटन तिराहा, पुल नंबर-2, कैरब्ज तिराहा, पेंटीनाका, सदर मेन रोड, गणेश चौक और अब्दुल हमीद चौक सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इसके बाद पुलिस बल निर्धारित मार्ग से वापस कंट्रोल रूम पहुंचा।

फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारियों सहित रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य और पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के साथ नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जबलपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। असामाजिक तत्वों या गुंडे-बदमाशों द्वारा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story