(अपडेट) राजगढ़ः तेज रफ्तार कार तालाब में समाई, पांच की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) राजगढ़ः तेज रफ्तार कार तालाब में समाई, पांच की मौत


राजगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर ग्राम भीलखेड़ी जोड़ के समीप शुजालपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार एमपी 09 सीसी 6414 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे तालाब में जा गिरी। कार पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से पानी में डूबी कार को बाहर निकाला। कार के भीतर से पांच शव बरामद किए गए। सभी मृतक शाजापुर जिले के अरनिया क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। एक मृतक की पहचान दस्तावेजों के आधार पर गोविंद पुत्र उमाशंकर तिवारी के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकों के नाम रोहित पटेल, अरविंद सिंह और शंकरलाल बताए गए हैं। एक मृतक की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही अरन्या गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा केवल तेज रफ्तार से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story