मंदसौरः कार चालक ने पहले एंबुलेंस को मारी टक्कर, फिर सडक पर हंगामा

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शासकीय पीजी कॉलेज के सामने गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक ने शराब के नशे में सडक पर हाई वोल्टेज ड्रामा किया।

वह गाली-गलौज करते हुए सडक पर लेट गया और काफी देर तक हंगामा करता रहा। सूचना पर यशोधर्मन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस चालक राहुल (25) पुत्र बिहारीदास बैरागी निवासी अभिनंदन कॉलोनी, एक महिला मरीज को लेकर मंदसौर से उदयपुर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे शहर से बाहर निकलने से पहले शासकीय पीजी कॉलेज के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस में सवार महिला मरीज और अन्य लोग सुरक्षित रहे, लेकिन एंबुलेंस क्षतिग्रस्त होने के कारण आगे नहीं जा सकी। इसके बाद दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कर मरीज को उदयपुर रवाना किया गया।

टक्कर इतनी तेज कि कार के एयरबैग खुल गए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक कथित रूप से शराब के नशे में सडक पर ही गाली-गलौज करने लगा। वह बीच सडक पर लेट गया और काफी देर तक हंगामा करता रहा, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

आरोपी फील्ड क्रेडिट आफिसर

पुलिस के अनुसार, कार (एमपी 09 डब्ल्यूई 7572) का चालक राम सिंह लोहार, निवासी ग्राम सिंदपन, जिला मंदसौर है। वह फाइनेंस में फील्ड क्रेडिट आॅफिसर के पद पर कार्यरत है। पुलिस उसे काफी मशक्कत के बाद थाने लेकर पहुंची, जहां भी वह असामान्य हरकतें करता रहा। सहायक उपनिरीक्षक पी.सी. चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story