अशोकनगरः बुलेट से पटाखा छोडऩा पड़ा भारी, मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त
अशोकनगर, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में सडक़ों पर बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखा फोडऩे और तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान धरे गए दो बुलेट चालक:बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने दो ऐसी बुलेट मोटरसाइकिलों को रोका जो नियमों की धज्जियां उड़ा रही थीं। तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर पुलिस ने निम्नलिखित चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
वाहन चालक पर कार्रवाईपुलिस ने वाहन चालक सुरेंद्र बैरागी और कपिल शर्मा के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर साइलेंसर जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत चालान काटने के साथ ही मौके पर ही उनके मॉडिफाइड साइलेंसर ज़ब्त कर लिए।
साइलेंसर लगाने वाले मैकेनिक को दी गई समझाइश:पकड़े गए वाहन चालकों से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिलों में यह अवैध साइलेंसर मैकेनिक बंटी खान द्वारा लगाए गए थे। पुलिस ने तत्काल मैकेनिक बंटी खान को थाने बुलाकर सख्त हिदायत और समझाइश दी कि भविष्य में किसी भी वाहन में इस प्रकार के अवैध और मॉडिफाइड साइलेंसर न लगाए जाएं।
पुलिस की वाहन मैकेनिकों और आम जनता से अपील की है कि सभी ऑटो मैकेनिकों और गैरेज संचालकों यदि कोई वाहन चालक मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाने आता है, तो किसी भी स्थिति में उसे न लगाएं। अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले हुड़दंगियों और अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों के विरुद्ध यह वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

