हरदा में स्कूल के पास घर से लाखों के पटाखे जब्त, बिना लाइसेंस किया था भंडारण
हरदा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा शहर में रविवार दोपहर सिटी कोतवाली पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास छोटी सिंधी कॉलोनी स्थित एक घर से बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए। घनी आबादी वाले क्षेत्र और स्कूल के नजदीक घर में पटाखों का भंडारण मिलने से हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, जब्त पटाखों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। घर में पटाखों के खाली बॉक्स और रैपर भी मिले हैं। संबंधित व्यक्ति के पास भंडारण का वैध लाइसेंस नहीं होने पर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। घर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर अलग-अलग तरह के पटाखों के बक्से रखे मिले। पुलिस ने पटाखों की सूची तैयार कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखवाया। पुलिस के अनुसार, जिस घर से पटाखे मिले हैं, वह सागर तलरेजा और उसके भाई का है। कोतवाली टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि सागर के पास पटाखों के भंडारण का वैध लाइसेंस नहीं था। इसी आधार पर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सागर तलरेजा ने पुलिस को बताया कि वह दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखे लेकर आया था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और उनका भंडारण किन परिस्थितियों में किया गया था। एसपी शशांक ने जिले में अवैध रूप से पटाखे रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
खाली बॉक्स और रैपर भी मिले
कार्रवाई के दौरान घर से पटाखों के खाली बॉक्स और बड़ी मात्रा में रैपर भी मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि पटाखों को अलग-अलग कंपनियों के माल के साथ मिलाकर दोबारा पैक करने और बेचने की तैयारी हो सकती थी। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पटाखों के साथ मिले पैकेजिंग सामग्री की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

