राजगढ़ः फर्नीचर गोदाम में आग से लाखों का नुकसान, दमकल ने दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
राजगढ़,13 अप्रैल(हि.स.)। जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में माचलपुर रोड स्थित कॉन्वेंट स्कूल के पास सोमवार शाम शारदा फर्नीचर के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
गोदाम से उठती आग की ऊँची लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही माचलपुर, जीरापुर और छापीहेड़ा से दमकल वाहन मौके पर पहुँचे। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में दमकल कर्मियों ने करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम में रखे सोफा-सेट, सेंटर टेबल, डबल बेड, फ्रिज, टीवी, कूलर सहित अन्य फर्नीचर सामग्री जलकर राख हो चुकी थी।
शारदा फर्नीचर के संचालक राहुल पुत्र ओंकारलाल विश्वकर्मा, निवासी भंडावद ने बताया कि आग से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अंकिता जैन, एसडीओपी धर्मवीर नागर, तहसीलदार कमलसिंह सोलंकी, थानाप्रभारी हुकमसिंह मीणा सहित पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँचा और राहत कार्यों की निगरानी की। आग की तेज लपटों का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा, जिससे कुछ नवनिर्मित दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत यह रही कि भीषण आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

