राजगढ़: फलोदी सुपर बाजार में भीषण आग, 50 लाख का सामान जलकर खाक
राजगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर शहर की गायत्री कॉलोनी स्थित फलोदी सुपर बाजार में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से किराना सामान, खाद्य तेल, कॉस्मेटिक सामग्री और नवरात्रि सजावट के लिए इंदौर से लाया गया सामान जलकर खाक हो गया। दुकान संचालक जीतू गुप्ता ने करीब 50 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही है। आग पर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका।
दुकान संचालक के अनुसार सुबह आग लगने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। उस समय दुकान के एक कोने में आग लगी हुई थी। शटर खोलकर दमकल को सूचना दी गई, लेकिन दुकान में तेल सहित अन्य ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरा टीनशेड आग की चपेट में आ गया। आग से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था।
आग लगने की घटना के बाद दुकानदार और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की दमकल व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद नगर परिषद की दमकल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार दमकल का पाइप फूटा हुआ था, जिससे पानी का पर्याप्त दबाव नहीं बन पा रहा था।
आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने खुद पाइप संभालकर दमकल कर्मियों की मदद की। आग पर नियंत्रण पाने के लिए बाद में जीरापुर से दमकल वाहन और निजी पानी के टैंकर भी बुलाए गए। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग बुझने के बाद एसडीएम ज्योति राजोरे मौके पर पहुंचीं। दुकान संचालक ने उन्हें आग से हुए नुकसान की जानकारी दी और दमकल व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग नगर परिषद कार्यालय पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद और सीएमओ देवनारायण दांगी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद व्यापारी और स्थानीय लोग जीरापुर रोड पर बैठ गए। विरोध के चलते कई दुकानों के शटर बंद रहे और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भोजपुर, जीरापुर, बोड़ा और कालीपीठ थानों से पुलिस बल के साथ पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया।
बाद में राजगढ़ के डिप्टी कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने व्यापारियों को घटना की जांच के लिए टीम गठित करने और उचित मुआवजे के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

