राजगढ़ः पचोर पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 12 लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पचोर पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 12 लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर


राजगढ़, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर शहर स्थित चुन्नीलाल मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर सोमवार रात अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

आग की चपेट में आने से 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पुरानी पचोर निवासी बनवारी पुत्र कपिल गुर्जर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल वाहनों की मदद से आग पर काफी मशक्कत के बाद नियंत्रण पाया जा रहा है।

घटना के दौरान एसडीएम रोहित बम्होरे और थाना प्रभारी सुकुंतला बामनिया मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए रेस्क्यू कार्य का निर्देशन करते रहे। प्राथमिक जानकारी में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हादसे में 10 से अधिक बाइकें जलने की भी खबर है। शहर के बीचोंबीच स्थित पेट्रोल पंप पर हुई इस घटना से लोगों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पुलिस एवं प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story