राजगढ़: पेट्रोल टैंकर में लगी आग पर पुलिस और डायल 112 की मुस्तैदी से पाया काबू, टला बड़ा हादसा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: पेट्रोल टैंकर में लगी आग पर पुलिस और डायल 112 की मुस्तैदी से पाया काबू, टला बड़ा हादसा


राजगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस और डायल 112 टीम की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। शनिवार सुबह सारंगपुर हाईवे सर्विस रोड पर पेट्रोल से भरे टैंकर में लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, सारंगपुर क्षेत्र में काकाजी होटल के पास डायल 112 वाहन नोडल प्वाइंट पर तैनात था। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद प्रधान आरक्षक राकेश गुदेन ने टैंकर के टायर से उठती आग की लपटें देखीं और तुरंत सतर्कता दिखाते हुए थाना प्रभारी आकांक्षा हाड़ा को सूचना दी।

साथ ही, उन्होंने तत्परता दिखाते हुए टैंकर चालक को संकेत देकर वाहन को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया। सूचना मिलते ही एसडीओपी अरविंद सिंह और थाना प्रभारी आकांक्षा हाड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम को भी तत्काल बुलाया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन हाईवे के दोनों ओर का यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त कार्रवाई से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story