राजगढ़ः ईको कार में घरेलू गैस भरते समय लगी आग, कार जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ईको कार में घरेलू गैस भरते समय लगी आग, कार जलकर खाक


राजगढ़ः ईको कार में घरेलू गैस भरते समय लगी आग, कार जलकर खाक


राजगढ़, 07 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के नाहरदा परिसर में सोमवार शाम घरेलू एलपीजी सिलेंडर से ईको कार में गैस भरते समय अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और जलकर खाक हो गई। घटना के बाद कार में गैस भर रहे युवक मौके पर बाइक छोड़कर भाग निकले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक बाइक से घरेलू गैस सिलेंडर लेकर नाहरदा परिसर स्थित विश्वकर्मा मंदिर के बाहर पहुंचे थे। यहां ईको कार में सिलेंडर से गैस भरने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। लपटें उठते ही मौके पर मौजूद युवक घबराकर वहां से भाग गए। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शाम के समय मंदिर परिसर में लोगों की आवाजाही होने के कारण कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दमकल के पहुंचने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद कार के अंदर रेग्यूलेटर लगा घरेलू गैस सिलेंडर और गैस भरने में इस्तेमाल की जा रही जली हुई मोटर मिली। खिलचीपुर पुलिस ने जली हुई ईको कार के साथ मौके पर छोड़ी गई बाइक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि कार में एलपीजी कौन भर रहा था और घरेलू सिलेंडर से गैस भरने की यह व्यवस्था किसने की थी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story