इंदौर के खजराना में टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर दूर से दिखा काला धुआं
- दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
इंदौर, 18 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के खजराना थाना क्षेत्र के कर्बला इलाके के पास सोमवार सुबह एक टेंट हाउस के बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई किलोमीटर दूर से काला धुआं दिखाई दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम में शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों के डेकोरेशन व टेंट का भारी मात्रा में कपड़ा, लकड़ी और प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। गोदाम का क्षेत्रफल काफी बड़ा होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों के लिए सीधे अंदर घुसना मुमकिन नहीं था, जिसके चलते नगर निगम के आधुनिक 'फायर फाइटिंग रोबोट' को काम पर लगाया गया। इस रोबोट की मदद से गोदाम के उन हिस्सों में पानी की बौछारें की गईं जहां इंसान का पहुंचना खतरनाक था।
आग को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को भारी मशीनों का सहारा लेना पड़ा। गोदाम के ऊपरी हिस्से में लगे टीन शेड को जेसीबी और पोकलेन मशीन की मदद से उखाड़ा गया, ताकि भीतर सुलग रही आग पर सीधे पानी डाला जा सके। फायर ब्रिगेड और नगर निगम के कड़े संबल के चलते करीब 25 से अधिक पानी के टैंकरों का इस्तेमाल करने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। फिलहाल स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान और कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

