जबलपुरः फायर एनओसी नहीं होने पर पनेहरा पेट्रोल पम्प के डोमिनोज फूड सेंटर को किया सील

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः फायर एनओसी नहीं होने पर पनेहरा पेट्रोल पम्प के डोमिनोज फूड सेंटर को किया सील


जबलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रांझी में पनेहरा पेट्रोल पम्प (अमीर एंड संस) परिसर में खोले गये डोमिनोस आउटलेट को शनिवार देर शाम तक चली जांच की कार्यवाही के बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सील कर दिया गया है। इस आउटलेट को फायर एनओसी प्राप्त किये बिना ही खोल दिया गया था।

ज्ञात हो कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ आयुष जाखड़ के साथ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आज केंट विधानसभा में क्षेत्र भ्रमण के दौरान पनेहरा स्थित अमीर एंड संस पेट्रोल पम्प का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पम्प परिसर में डोमिनोस के आउटलेट की जांच भी की गई थी।

कलेक्टर सिंह ने पेट्रोल पम्प पर किसी बड़े अग्नि हादसे की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को डोमिनोस आउटलेट की तमाम तरह की अनुमतियों की तत्काल जांच के निर्देश दिये थे।

कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में अधिकारियों के दल ने देर शाम तक डोमिनोस आउटलेट के दस्तावेजों की पड़ताल और सबसे जरूरी फायर एनओसी नहीं पाये जाने पर डोमिनोस आउटलेट को सील करने की कार्यवाही की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story