जबलपुर में धनतेरस की रात झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, 50 से ज्यादा परिवारों के आशियाने जले
जबलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लेमा गार्डन की झुग्गी बस्ती में शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे भड़की आग में लोगों के अनाज, नकदी, कपड़े और जीवनभर की जमा पूंजी जलकर खाक हो गयी। 10 से 12 दमकल वाहनों ने घंटों की मशक्कत के बाद अल सुबह काबू पाया।
दीपावली की खुशियों के बीच धनतेरस की रात लोगों के लिए आफत बनकर आई। लेमा गार्डन स्थित गाजी नगर मैदान की झुग्गी बस्ती में भीषण अग्निकांड में आधी रात लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में 50 से अधिक परिवारों के आशियाने आग की चपेट में आ गए।
करीब 350 झुग्गियों वाली इस बस्ती में आग उस समय लगी, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक आग की लपटें उठती देख बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर नंगे पैर घरों से बाहर भागे। कई परिवारों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। एहतियात के तौर पर बिजली कंपनी ने पूरी बस्ती की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी।
दमकलकर्मी ओमप्रकाश श्रीवास्तव के मुताबिक, टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के निर्देश पर नगर निगम दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 10 से 12 दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल वाहनों ने लगातार पानी की आपूर्ति कर आग को आसपास की झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
पूर्व पार्षद ताहिर अली के मुताबिक, उन्हें रात करीब 3 बजे अग्निकांड की सूचना मिली थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि बस्ती में पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संभाला। शुरुआती सर्वे में 30 से 35 झुग्गियों के पूरी तरह जलने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन आग से प्रभावित परिवारों की संख्या 50 से अधिक बताई जा रही है।
इस अग्निकांड ने कई परिवारों को एक ही रात में बेघर कर दिया। जिन घरों में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब राख के ढेर बचे हैं। लोगों की सालों की मेहनत से जुटाई गई पूंजी, घर का राशन और जरूरी सामान सब कुछ आग में स्वाहा हो गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

