जबलपुर : जैन बेकरी में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, बड़ा हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : जैन बेकरी में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, बड़ा हादसा टला


जबलपुर : जैन बेकरी में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, बड़ा हादसा टला


जबलपुर, 20 जून (हि.स.)। मप्र के जबलपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के खटीक मोहल्ला स्थित जैन बेकरी में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बेकरी के साथ मकान के एक हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते घर में मौजूद सभी परिवारजन सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह बेकरी से धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझने तक बेकरी में रखा खाद्य सामग्री, फर्नीचर, विद्युत उपकरण सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से मकान में रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story