जबलपुर : कछपुरा माल गोदाम के पास मकान-दुकान में भीषण आग, 30 से 40 लाख का नुकसान
जबलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कछपुरा माल गोदाम के पास गणेश नगर में गुरुवार दोपहर एक मकान और उससे लगी दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और घर व दुकान में रखा पूरा सामान अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान, नकदी और सोने के जेवरात जलकर खाक हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक 30 से 40 लाख रुपये तक का नुकसान बताया जा रहा है।
सहायक अग्निशमन अधिकारी राजेन्द्र के अनुसार, दोपहर करीब 3:10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पीड़ित मदई बाई ने बताया कि वह घर में दीपक जलाकर बाजार गई थीं। करीब आधे से पौने घंटे बाद उन्हें घर और दुकान में आग लगने की सूचना मिली।
दुकान में कॉस्मेटिक सामग्री, साड़ियां, कपड़े, किराना सामान और फर्नीचर रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। महिला के मुताबिक, करीब एक लाख रुपये नकद के अलावा सोने की बाली, मंगलसूत्र और अंगूठी भी आग में जल गए।
आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पड़ोसियों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर आग बुझाने और बचाव की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोका। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

