जबलपुर : टेंट गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : टेंट गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक


जबलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। उखरी रोड स्थित बल्देबाग इलाके में सोमवार शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब उखरी पुलिस चौकी के सामने स्थित पारस टेंट सप्लायर्स के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से उठती आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का टेंट का सामान जलकर खाक हो चुका था।

जानकारी के अनुसार, पारस टेंट सप्लायर्स के गोदाम में टेंट से जुड़ा लाखों रुपये का सामान रखा हुआ था। शाम करीब 5 बजे गोदाम के अंदर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर राहगीर रुक गए और आसपास की दुकानों में मौजूद लोग भी बाहर निकल आए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story