उज्जैन की अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन की अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक


उज्जैन, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के मक्सी रोड स्थित उद्योगपुरी इलाके में शुक्रवार तड़के एक अगरबत्ती निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है।

जानकारी के अनुसार, उद्योगपुरी स्थित 'एचपी ग्राइंडर फैक्ट्री' में देर रात करीब 1:30 बजे अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। औद्योगिक क्षेत्र में आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री संचालक ताहिर अली ने बताया कि जैसे ही उन्हें देर रात आग लगने की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां एक के बाद एक मौके पर पहुंचीं। फैक्ट्री के भीतर ज्वलनशील और अगरबत्ती बनाने का सूखा कच्चा माल होने के कारण आग तेजी से भड़क रही थी। फायर फाइटर्स ने तत्परता दिखाते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से नियंत्रित किया और इसे आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोका।

इस अग्निकांड में फैक्ट्री के भीतर रखा अगरबत्ती बनाने का भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। शुरुआती आकलन के अनुसार, नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात हुआ जब फैक्ट्री बंद थी और वहां कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story