झांसी-खजुराहो फोरलेन पर डंपर में लगी भीषण आग, टोल प्लाजा का बूथ और सेंसर बैरियर खाक
- ट्रक चालक ने कूदकर बचाई जान
खजुराहो, 09 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के झांसी-खजुराहो फोरलेन पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बमीठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवगांव टोल प्लाजा पर डस्ट से भरे एक डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि डंपर करीब एक घंटे तक धू-धू कर जलता रहा, जिसकी चपेट में आने से टोल प्लाजा के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक एमपी 16ZF8199 बमीठा से छतरपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 8 बजे जैसे ही डंपर टोल प्लाजा पर पहुंचा, उसमें अचानक आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खराबी मानी जा रही है। आग लगते ही चालक ने केबिन में रखे कंबल की मदद से उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलती देख उसने कूदकर अपनी जान बचाई।
इस घटना के कारण टोल प्लाजा का सेंसर बैरियर और टोल बूथ भी आग की चपेट में आ गए। अनुमान है कि इस आगजनी से टोल प्रबंधन को करीब 2 से 3 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। डंपर में डस्ट भरी होने के बावजूद आग ने पूरे वाहन को अपनी गिरफ्त में ले लिया और देखते ही देखते वह खाक हो गया।
हादसे के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि सूचना के लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब कहीं जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। स्थानीय नागरिकों और चश्मदीदों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि टोल प्लाजा जैसे संवेदनशील स्थान पर आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए थे, लेकिन वहां सुरक्षा उपकरणों के अभाव में लोग केवल दमकल विभाग के भरोसे ही खड़े रहे। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई जनहानि नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

