जबलपुर: जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में खड़ी कार में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में खड़ी कार में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी


जबलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गेट नंबर 2 और 3 के बीच खड़ी एक निजी चार पहिया गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, पक्षकारों और अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर के अनुसार, आग की चपेट में आया वाहन बालाघाट जिले से आए किसी पुलिस अधिकारी अथवा टैक्सी सेवा से जुड़े व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि, वाहन के वास्तविक मालिक और आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

वाहन से उठती आग की लपटें देखकर मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने पानी और उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। घटना की सूचना संबंधित दमकल अमले और पुलिस को भी दी गई।

आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास खड़े अन्य वाहनों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से आग अन्य वाहनों तक नहीं फैल सकी। इस घटना में संबंधित वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

वाहन में आग लगने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित जांच अमले द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही अग्निकांड की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story