ग्वालियर में पूर्व नगर निगम उपायुक्त के घर की पार्किंग में लगी आग, कार और स्कूटी जलकर खाक
ग्वालियर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के व्यस्त दाल बाजार क्षेत्र में बुधवार को पूर्व नगर निगम उपायुक्त डॉ. एमएल दौलतानी के निवास की पार्किंग में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से वहां खड़ी एक कार और स्कूटी बुरी तरह जल गईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, दाल बाजार में श्रीराम स्वीट्स के नजदीक स्थित दौलतानी निवास के पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई। आग ने अश्विनी दौलतानी की कार और नीरज दौलतानी की स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों वाहन आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग दिखाई देने पर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस दौरान आग को फैलने से रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन तब तक दोनों वाहन काफी हद तक जल चुके थे। दौलतानी परिवार की सदस्य रूही दौलतानी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं है। अचानक आग दिखाई देने से परिवार के लोग घबरा गए। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया।
दमकल के पहुंचने में देरी का आरोप
चैंबर ऑफ कॉमर्स के कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल उर्फ बाबा के मुताबिक, आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने दमकल के मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी होने की बात कही। हालांकि, दमकल विभाग की ओर से पहुंचने के समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई की और उस पर पूरी तरह काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

