मंदसौरः चार्चिग पर लगी ई-स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः चार्चिग पर लगी ई-स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान


मंदसौर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर के गांधीनगर क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एक मकान में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण घर के अंदर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। मकान के निचले हिस्से में प्लास्टिक का सामान और पानी की टंकियों से भरा गोदाम होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गांधीनगर क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी सचिन जैन के मकान में रात के समय अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि घर के अंदर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। शुरूआत में आग स्कूटी के आसपास लगी, लेकिन कुछ ही समय में उसने पूरे निचले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक का सामान बड़ी मात्रा में रखा होने से आग तेजी से फैलती चली गई।

मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। राहत और बचाव टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। फायर टीम ने मकान की पहली मंजिल पर मौजूद परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से लगातार प्रयास किया। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, इस दौरान मकान के निचले हिस्से में रखा प्लास्टिक का सामान और गोदाम का अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग में गोदाम में रखा सामान और मकान के निचले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक विपिन जैन भी व्यापारी के घर पहुंचे और स्थिति को देखा एवं हर संभव मदद की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story