सागर में दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर लगी आग, कूलर-फ्रिज और टीवी जले

WhatsApp Channel Join Now
सागर में दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर लगी आग, कूलर-फ्रिज और टीवी जले


सागर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर के कृष्णगंज वार्ड में बुधवार सुबह दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अचानक आग लग गई। कमरे से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने मकान में मौजूद परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया गया। नगर निगम की दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आगजनी में कमरे में रखा कूलर, फ्रिज, टीवी और गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। मकान की वायरिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज वार्ड निवासी पंकज साहू के दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में आग लगी थी। इस हिस्से में पंकज के भाई रहते हैं, जो घटना के समय किसी काम से भोपाल गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य मकान के निचले हिस्से में मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने दूसरी मंजिल के कमरे से धुआं निकलते देखा और परिजनों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। नगर निगम के सिविल लाइन और कटरा क्षेत्र में तैनात दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद कमरे में रखा कूलर, फ्रिज, टीवी सहित अन्य घरेलू सामान जला मिला। कमरे की बिजली की वायरिंग को भी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस और संबंधित टीम आगजनी में हुए नुकसान का आकलन कर पंचनामा तैयार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story