जबलपुरः करौंदा चैकपोस्ट पर मोबाइल ई-कोर्ट की कार्रवाई, स्पॉट फाइन व 02 वाहन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः करौंदा चैकपोस्ट पर मोबाइल ई-कोर्ट की कार्रवाई, स्पॉट फाइन व 02 वाहन जब्त


जबलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार को करौंदा चैक पर मोबाइल ई-कोर्ट के माध्यम से यातायात एवं अतिक्रमण व्यवस्था के संबंध में नगर निगम मजिस्ट्रेट अरूण कुमार गोयल की अगुवाई में कार्रवाई की गई। इस संबंध में उनके द्वारा बताया गया कि यातायात व्यवस्था में अव्यवस्थित रूप से खड़े पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई। साथ ही सड़क किनारे संचालित ढाबों, नाश्ता एवं चाय की दुकानों पर भी नियमानुसार स्पॉट फाइन किया गया।

कार्रवाई के दौरान 02 वाहनों को जब्त किया गया तथा विभिन्न प्रकरणों में कुल 8 हजार रूपये की जुर्माना राशि स्पॉट फाइन के रूप में वसूल की गई। उक्त कार्रवाई में अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर, सहायक अधीक्षक राजेंद्र पटेल, अतिक्रमण अधिकारी कृष्ण पाल रावत, सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, दीपेंद्र रावत, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी सहित अतिक्रमण दल एवं थाना अधारताल का पुलिस बल उपस्थित रहा।

नगर निगम द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं सार्वजनिक मार्गों को अव्यवस्थित होने से रोकने हेतु ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story