अनूपपुर: फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, 735 मतदान केन्द्रो में 5 लाख 5 हजार 259 मतदाता पंजीकृत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, 735 मतदान केन्द्रो में 5 लाख 5 हजार 259 मतदाता पंजीकृत


अनूपपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो गया है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षल पंचोली ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर संशोधित मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा क्षेत्र 86 कोतमा, विधानसभा क्षेत्र 87 अनूपपुर एवं विधानसभा क्षेत्र 88 पुष्पराजगढ़ में कुल 735 मतदान केंद्रों पर विधानसभा स्तर पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया है। जिसके अनुसार जिले में कुल 5 लाख 5 हजार 259 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2 लाख 55 हजार 878 पुरुष मतदाता, 2 लाख 49 हजार 375 महिला मतदाता तथा 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 6 हजार 684 युवा मतदाताओं का नाम भी सूची में दर्ज है, जो युवाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

विधानसभा 86 कोतमा में कुल मतदाता 139559 जिसमें पुरुष मतदाता 70674, महिला मतदाता 68881 एवं 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। विधानसभा 87 अनूपपुर में कुल मतदाता 169234 जिसमे पुरुष मतदाता 86197, महिला मतदाता 83035,एवं 02थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसी तरह विधानसभा पुष्पराजगढ़ में कुल मतदाता 196446 जिसमें पुरुष मतदाता 99007, महिला मतदाता 97459 मतदाता हैं। यहां थर्ड जेंडर मतदाता कोई नहीं हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारंभिक प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति अवधि में नए नाम जोड़ने, नाम विलोपन तथा संशोधन संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए थे। बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा घर-घर सत्यापन एवं विशेष अभियान दिवसों के माध्यम से आवेदनों का संकलन किया गया। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निराकरण उपरांत अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मतदाता सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story