स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल में दिखा देशभक्ति का जज्बा, कलेक्टर ने ली परेड की सलामी

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल में दिखा देशभक्ति का जज्बा, कलेक्टर ने ली परेड की सलामी


उमरिया, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह से पहले गुरुवार को उमरिया जिला मुख्यालय स्थित अमर शहीद स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल परेड का आयोजन किया गया। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित इस अभ्यास में जिले की कलेक्टर राखी सहाय ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान जवानों ने हर्ष फायर किया, जबकि स्कूली विद्यार्थियों ने पीटी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया।

अंतिम रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की पूरी रूपरेखा के अनुसार कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया। परेड में शामिल जवानों और विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं कदमताल के साथ मार्चपास्ट किया। स्टेडियम में देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला।

जिला क्रीड़ा अधिकारी शेख सलीम ने बताया कि 15 अगस्त को आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर राखी सहाय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे ध्वजारोहण करने के बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगी और परेड की सलामी लेंगी। इसके साथ ही पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहीदों का सम्मान और पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस की परेड में एसएएफ, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, पीटीएस, होमगार्ड, एनसीसी, गाइड, स्काउट, शौर्य दल तथा नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रत्येक दल में 22 सदस्य रहेंगे, जबकि नवोदय विद्यालय के 44 छात्र-छात्राएं परेड का हिस्सा बनेंगे। इनके अलावा एक टूआईसी और एक परेड कमांडर भी तैनात रहेंगे। कुल 266 जवान एवं विद्यार्थी परेड में शामिल होंगे।

मुख्य समारोह के दौरान करीब एक हजार स्कूली छात्र-छात्राएं पीटी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शहीदों का सम्मान किया जाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। अंतिम रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया, ताकि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story