राजगढ़ः प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत हुआ विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत हुआ विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन


राजगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।

जिले की 10 स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंची 378 से अधिक गर्भवती महिलाओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 57 से अधिक महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी श्रेणी में चिन्हित किया गया, जिनकी विशेष निगरानी और उपचार की व्यवस्था की जा रही है।

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक माह की 25 तारीख को इस विशेष अभियान का आयोजन करता है। शिविरों के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम अधिकारियों को अलग-अलग ब्लॉकों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अधिकारियों ने दिनभर की गतिविधियों की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट जिला कार्यालय में प्रस्तुत की।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने जिला अस्पताल में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। यहां 52 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 23 महिलाएं हाई रिस्क पाई गईं। निरीक्षण के दौरान डॉ. पटेल ने गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों को हाई रिस्क गर्भवतियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। शिविरों में आने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच, पोषण तथा सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग ने हाई रिस्क महिलाओं के लिए विशेष फॉलोअप शुरू करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story