पेड़ों को भाई मान महिला वनकर्मियों ने बांधी राखी, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अनूठे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन

WhatsApp Channel Join Now
पेड़ों को भाई मान महिला वनकर्मियों ने बांधी राखी, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अनूठे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन


उमरिया, 28 अगस्त (हि.स.)। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व अनूठे अंदाज में मनाया गया। टाइगर रिजर्व में पदस्थ महिला वनकर्मियों ने पेड़ों को भाई मानकर पूरे विधि-विधान से रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान उन्होंने वृक्षों को तिलक लगाया और आरती उतारकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

महिला वनकर्मियों ने इस पहल के माध्यम से वन एवं वृक्षों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उनका कहना था कि वृक्ष मानव जीवन के लिए प्राणवायु उपलब्ध कराने के साथ ही वन्यजीवों को आश्रय प्रदान करते हैं। ऐसे में उनकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने महिला वनकर्मियों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन एवं वृक्षों के महत्व को त्योहारों और संस्कृति से जोड़कर जनजागरूकता बढ़ाई जा सकती है। इससे वन एवं वन्यजीवों के प्रति लोगों में संवेदना विकसित होगी और वन संरक्षण के प्रयासों को सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधना वन एवं वृक्षों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। मानव सभ्यता का अस्तित्व और विकास वनों एवं वन्यजीवों के सुरक्षित रहने के बिना संभव नहीं है।

बांधवगढ़ प्रबंधन ने आमजन से अपील की कि जिस प्रकार वन एवं वृक्ष प्राणवायु देकर मानव जीवन की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति रक्षाबंधन पर एक पौधा लगाए, उसे रक्षा सूत्र बांधे और उसकी आजीवन देखभाल एवं सुरक्षा का संकल्प ले।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story