होली पर मऊगंज हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

WhatsApp Channel Join Now
होली पर मऊगंज हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात


रीवा, 02 मार्च (हि.स.)। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मध्यप्रदेश के नवगठित जिले मऊगंज में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बल की कमी को ध्यान में रखते हुए पड़ोसी जिले रीवा से 46 अतिरिक्त जवान मऊगंज भेजे गए हैं। ये जवान जिले के 218 स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

जिले सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए है। 27 संवेदनशील फिक्स्ड पॉइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां प्रत्येक स्थान पर तीन-तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही 18 मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके, प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील गांवों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि पिछले वर्ष गड़रा गांव में हुई हिंसक घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई उस घटना में एक एएसआई और स्थानीय युवक की जान चली गई थी तथा पुलिस बल पर पथराव भी हुआ था।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली का पर्व सौहार्द और शांति के साथ मनाया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story