सागर में दर्दनाक घटना: शादी से लौटे शिक्षक पिता और 9 साल के बेटे की सोते समय मौत, जांच में जुटी पुलिस
सागर, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक शिक्षक और उसके 9 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की तबीयत रात में अचानक बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गौरझामर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य के पद पर पदस्थ भोलेनाथ प्रजापति (49) मंगलवार रात अपने 9 वर्षीय बेटे लक्ष्य प्रजापति के साथ कमरे में सो रहे थे। उनकी पत्नी और तीन बेटियां दूसरे कमरे में थीं।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे अचानक लक्ष्य की तबीयत बिगड़ गई। उसे घबराहट होने लगी। बेटे की हालत देखकर पिता उठे तो कुछ ही देर में उनकी भी तबीयत खराब हो गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। दोनों की हालत बिगड़ती देख परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजन तत्काल दोनों को स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें देवरी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही पिता-पुत्र की मौत हो गई।
बताया गया है कि घटना से कुछ घंटे पहले भोलेनाथ प्रजापति मढ़ी जमुनिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वह रात करीब 8 बजे घर लौटे थे। घर आने के बाद भोजन करने के बाद पिता-पुत्र सोने चले गए थे।
मृतक लक्ष्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें से बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। पिता और बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद गौरझामर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए।
गौरझामर थाना पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मौत के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

