अनूपपुर: पिता ने दिव्यांग बेटे- बहू को घर से निकाला, विवाह का सामान दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: पिता ने दिव्यांग बेटे- बहू को घर से निकाला, विवाह का सामान दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार


अनूपपुर: पिता ने दिव्यांग बेटे- बहू को घर से निकाला, विवाह का सामान दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार


अनूपपुर, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम बदरा निवासी भगवान दास चौधरी अपनी दिव्यांग पत्नी चांदनी चौधरी के साथ न्याय की गुहार लगाने पहुंचे। पीड़ित दंपति ने कलेक्टर को आवेदन देकर अपने ही पिता पर प्रताड़ना और घर से बेदखल करने के आरोप लगाए। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 57 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।

भगवान दास ने बताया कि पत्नी चांदनी न तो सुन सकती हैं और न ही बोल सकती हैं। हिंदू रीति-रिवाज से हुए इस विवाह के महज छह महीने बाद ही उनके पिता कोदू लाल चौधरी ने अपनी मूकबधिर बहू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने भी पिता को समझाने का प्रयास किया कि चांदनी दिव्यांग है और उसे घर से निकालना गलत होगा, लेकिन पिता ने किसी की बात नहीं मानी।

पीड़ित पति का आरोप है कि उनके पिता ने बिना किसी ठोस कारण के उन दोनों को घर से निकाल दिया। विवश होकर भगवान दास अपनी दिव्यांग पत्नी के साथ वर्तमान में अपने ससुराल में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि घर से निकालते समय उनके विवाह में मिला उपहार और अन्य जरूरी सामान भी पिता ने अपने पास ही रोक लिया है, जिसे वापस नहीं कर रहे हैं।

पुलिस कार्रवाई न होने पर कलेक्टर से गुहार

भगवान दास के अनुसार, इस मामले की शिकायत वे पहले ही भालूमाड़ा थाना और पुलिस अधीक्षक अनूपपुर से कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकला है। थक-हारकर उन्होंने जनसुनवाई का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें उनके विवाह का सामान वापस दिलवाया जाए और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने सुनी 57 पीडितों की गुहार

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 57 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।

जनसुनवाई के दौरान तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम लमसरई निवासी बुल्ली बाई ने संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि दिलाए जाने, वार्ड क्र. 01 अनूपपुर निवासी कमलेश कुमार वस्त्रकार ने अनुकम्पा नियुक्ति दिलाए जाने, तहसील कोतमा के ग्राम सकोला निवासी सिमला भरिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन दिए। इसके अतिरिक्त अन्य आवेदकों द्वारा समग्र आईडी में सुधार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story