बेटे की शादी की पत्रिकाएं बांटने जा रहे पिता की नीलगाय की टक्कर से मौत, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

WhatsApp Channel Join Now
बेटे की शादी की पत्रिकाएं बांटने जा रहे पिता की नीलगाय की टक्कर से मौत, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं


मंदसौर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में बेटे की शादी की तैयारियों के बीच एक पिता की सड़क हादसे में मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के बरखेड़ादेव निवासी मुकेश पाटीदार (47) बेटे की शादी की पत्रिकाएं बांटने उदयपुर जा रहे थे। रास्ते में अचानक नीलगाय (घोड़ारोज) की टक्कर से गंभीर घायल हो गए। उदयपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। रविवार को गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार, मुकेश पाटीदार, पिता मोतीलाल पाटीदार, के पुत्र गोर्धन की शादी 25 नवंबर को तय थी। शादी की पत्रिकाएं रिश्तेदारों और समाजजनों को बांटने के लिए मुकेश 17 नवंबर को मोटरसाइकिल से बरखेड़ादेव से डबोक (उदयपुर) जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक नीलगाय उनकी बाइक के सामने आ गई। टक्कर में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उदयपुर के जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुकेश के परिवार में उनका इकलौता बेटा गोर्धन और 18 वर्षीय बेटी शिवानी है। जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां पिता की मौत से शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नीलगायों से हादसे और फसल नुकसान का मुद्दा उठाया

जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने क्षेत्र में घोड़ारोज की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इनके झुंड किसानों की 30 से 40 प्रतिशत तक फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, सड़कों पर अचानक आने से वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस योजना नहीं बना पाई है।

शर्मा ने नीलगाय की टक्कर से मृत्यु होने पर पीड़ित परिवारों को मिलने वाली चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता बंद किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कांग्रेस नेता लियाकत मेव और गोपाल भारती ने भी मुकेश पाटीदार की मौत के लिए प्रशासन और वन विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की सहायता देने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story