(अपडेट) पन्नाः बोरवेल की मोटर सुधारते समय पिता-पुत्र की गई जान

WhatsApp Channel Join Now

पन्ना, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मुटलनहार स्थित खेत पर बोरवेल की सिंचाई मोटर ठीक करने उतरे पिता-पुत्र की संदिग्ध हालात में अकाल मौत हो गई।

खेत के गड्ढे में अचेत मिले दोनों ग्रामीणों को जब तक अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुरा निवासी 55 वर्षीय उजागर लाल वर्मन अपने 30 वर्षीय बेटे अतुल वर्मन के साथ खेत पर सिंचाई की मोटर देखने गए थे। बोरवेल से पानी की सप्लाई बंद होने के कारण खराबी जांचने के लिए पहले अतुल 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में नीचे उतरा। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब अतुल बाहर नहीं आया और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो घबराए पिता उजागर लाल भी बिना सोचे-समझे बेटे को बचाने नीचे उतर गए। जब दोनों ही काफी समय तक बाहर नहीं आए, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। खेत पहुंचकर जब उन्होंने गड्ढे के भीतर झांका तो दोनों पिता-पुत्र अचेत पड़े हुए थे।

परिजनों ने तुरंत पुलिस और डायल-100 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि शायद मोटर में अर्थिंग या बिजली का करंट फैलने से यह हादसा हुआ। वहीं, बंद गड्ढे में दम घुटने या जहरीली गैस बनने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

पवई बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी ने बताया कि दोनों को अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने मृत पाया। मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story