मप्र के पन्ना में बोरवेल में उतरे पिता-पुत्र की जहरीली गैस से मौत, बेटे काे बचाने उतरे पिता भी बेसुध होकर गिरे

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के पन्ना में बोरवेल में उतरे पिता-पुत्र की जहरीली गैस से मौत, बेटे काे बचाने उतरे पिता भी बेसुध होकर गिरे


पन्ना, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के नारायणपुरा गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बोरवेल के अंदर उतरे पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों खेत में खराब मोटर को सुधारने के लिए करीब 10 से 12 फीट गहरे बोरवेल में उतरे थे। आशंका है कि बोरवेल के अंदर जहरीली गैस के कारण पहले बेटा बेहोश हुआ और उसे बचाने उतरे पिता भी बेसुध हो गए। परिजन और ग्रामीण दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान नारायणपुरा निवासी 55 वर्षीय उजागर लाल वर्मन और उनके 30 वर्षीय बेटे अतुल वर्मन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी। परिजनों के मुताबिक, खेत में मोटर खराब होने के कारण अतुल बोरवेल में उतरा था। कुछ देर बाद वह नीचे ही बेहोश हो गया। बेटे के वापस नहीं आने पर पिता उजागर लाल उसे बचाने के लिए बोरवेल में उतर गए। कुछ ही देर में वह भी बेहोश होकर गिर पड़े। काफी देर तक दोनों के बाहर नहीं आने पर परिजन को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही डायल-100 टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बोरवेल से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।

बोरवेल से आ रही थी तेज दुर्गंध

परिजनों ने बताया कि बोरवेल काफी समय से बंद था। मोटर खराब होने के बाद उसे ठीक करने के लिए पिता-पुत्र नीचे उतरे थे। ग्रामीणों के अनुसार बोरवेल से तेज दुर्गंध आ रही थी और अंदर किसी गैस के होने की आशंका महसूस हो रही थी। इसी कारण दोनों को बाहर निकालने में भी परेशानी हुई।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी ने बताया कि पिता-पुत्र को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान दोनों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

करंट या जहरीली गैस, जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह

पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में बिजली का करंट लगने या बोरवेल में जहरीली गैस के कारण हादसा होने की आशंका है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story