आगरमालवाः मंडी में नकद भुगतान को लेकर किसानों ने किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः मंडी में नकद भुगतान को लेकर किसानों ने किया चक्काजाम


आगरमालवा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा स्थित कृषि उपज मंडी में फसलों की नीलामी के बाद नगद भुगतान न मिलने से आक्रोशित किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। मंडी का मुख्य गेट बंद करने के बाद गुस्साए किसान नारेबाजी करते हुए शहर के छावनी नाका चौराहे पर पहुंच गए और वहां चक्काजाम कर दिया। जिससे उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम कमल मंडलोई और एसडीओपी ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और समझाइश दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने करीब एक घंटे बाद चक्काजाम समाप्त किया।

किसानों का कहना था कि वे अपनी फसल बेचने के बाद तत्काल नगद भुगतान चाहते हैं, लेकिन व्यापारियों द्वारा उनसे बैंक पासबुक लाने और राशि खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात कही जा रही है। किसानों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित खेती-किसानी और अन्य जरूरी कामों के लिए उन्हें तत्काल नगद राशि की आवश्यकता होती है। खाते में राशि आने के बाद उसे निकालने में उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।

अधिकारियो ने किसानों को आश्वासन दिया कि दोपहर 2 बजे तक नगद भुगतान की व्यवस्था कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।---

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story