किसान धैर्य रखें, हर खेत पर जाकर किया जाएगा सर्वे कार्य: उप मुख्यमंत्री देवड़ा

WhatsApp Channel Join Now
किसान धैर्य रखें, हर खेत पर जाकर किया जाएगा सर्वे कार्य: उप मुख्यमंत्री देवड़ा


मंदसौर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को मंदसौर जिले में ओलावृष्टि एवं वर्षा से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम कितुखेड़ी, गोपालपुर, लोढ़ाखेड़ा, झारड़ा, अड़मालिया, किशनगढ़ में किसानों के खेतों में पहुंचकर अफीम, गेहूं, चना, चिया, अलसी सहित अन्य फसलों को देखा।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि किसान किसी भी प्रकार की चिंता न करें। सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में हर खेत पर जाकर सर्वे किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं। सर्वे कार्य लगातार जारी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी खेतों तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहे हैं। अफीम फसल के संबंध में नारकोटिक्स विभाग भी मौके पर जाकर खेतों का निरीक्षण कर रहे है। अफीम फसल को हुए नुकसान के विषय में केंद्र सरकार से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फसल बीमा के मामलों में भी किसानों को पूरा फसल बीमा का लाभ प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार किसानों की हर चिंता और दुख में उनके साथ है। निरीक्षण के अवसर पर जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, मल्हारगढ़ एसडीएम सहित अन्य अधिकारी, बड़ी संख्या में किसान एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story