हरदा में 12 घंटे बाद खत्म हुआ किसानों का चक्काजाम, प्रशासन के आश्वासन पर बहाल हुआ नेशनल हाईवे

WhatsApp Channel Join Now
हरदा में 12 घंटे बाद खत्म हुआ किसानों का चक्काजाम, प्रशासन के आश्वासन पर बहाल हुआ नेशनल हाईवे


हरदा, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने और फसल बीमा सहित विभिन्न मांगों को लेकर आम किसान यूनियन द्वारा बुधवार सुबह से इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-47) पर शुरू किया गया चक्काजाम देर रात 12 बजे समाप्त हो गया। प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल के आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।

आंदोलन के दौरान किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि किसानों की मांगों को कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य शासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री से किसान प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का भी आश्वासन दिया गया।

आम किसान यूनियन के सदस्य दिनेश लेगा ने बताया कि प्रशासन के लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद एनएच-47 पर चल रहा अनिश्चितकालीन चक्काजाम स्थगित कर दिया गया है। करीब 12 घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण इंदौर-नागपुर फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि आंदोलन समाप्त होने के बाद देर रात से आवागमन सामान्य हो गया। इस आंदोलन को जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में किसानों का समर्थन मिला। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story