हरदा में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
हरदा में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग


हरदा में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, खरीदी सीमा बढ़ाने की मांग


हरदा, 4 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य ग्रीष्मकालीन मूंग की फसल की पूर्ण खरीदी और समर्थन मूल्य पर खरीद की सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर हरदा में किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में शनिवार से कृषि उपज मंडी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। बड़ी संख्या में किसान मोटरसाइकिल रैली निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचे और प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ग्राम चारखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए 400 से अधिक किसानों ने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार बी.डी. तमखाने को ज्ञापन दिया। इस दौरान किसानों ने मूंग खरीदी की वर्तमान व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा प्रति एकड़ 120 किलोग्राम मूंग खरीदी की सीमा तय करना वास्तविक उत्पादन के अनुरूप नहीं है। उनका दावा है कि जिले में औसतन 15 से 16 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन हुआ है, जबकि कई किसानों को प्रति एकड़ 5 से 6 क्विंटल तक उपज मिली है। ऐसे में सीमित खरीदी के कारण बड़ी मात्रा में फसल खुले बाजार में कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

भारतीय किसान संघ के जिला प्रवक्ता राजनारायण गोर ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की बात करती है, लेकिन खरीदी नीति किसानों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि वर्ष 2025 की सोयाबीन फसल का लंबित बीमा दावा भी शीघ्र किसानों के खातों में जारी किया जाए।

किसानों ने यह भी मांग उठाई कि जिले में मूंग खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि सीमित केंद्रों के कारण किसानों को दूर-दराज तक उपज ले जानी पड़ती है, जिससे परिवहन खर्च बढ़ता है और तौल व खरीदी प्रक्रिया में भी देरी होती है।

धरने पर बैठे किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलनकारियों ने धरनास्थल पर ही भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था कर ली है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को भोपाल तक विस्तारित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

Share this story