किसानों की आवाज दबाने के लिए एफआईआर का सहारा ले रही भाजपा सरकार : उमंग सिंघार

WhatsApp Channel Join Now
किसानों की आवाज दबाने के लिए एफआईआर का सहारा ले रही भाजपा सरकार : उमंग सिंघार


भोपाल, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस नेताओं और किसानों पर दर्ज एफआईआर को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने के लिए एफआईआर का सहारा ले रही है।

उमंग सिंघार ने शनिवार काे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा- मुबारक हो मेरे प्रदेश के किसानों…भाजपा सरकार आपसे डर गई है। खलघाट सहित पूरे प्रदेश में किसानों के हक़ की आवाज़ उठी तो भाजपा ने समाधान नहीं, एफआईआर का रास्ता चुना। मेरे नाम सहित कांग्रेस के कई विधायकों और सैंकड़ों नेताओं पर मुकदमे दर्ज कर दिए गए। क्या किसानों के लिए एमएसपी मांगना अपराध है? क्या फसल बीमा, खाद-बीज और बिजली की बात करना गुनाह है? उमंग सिंघार ने सरकार काे चेतावनी देते हुए कहा है कि कांग्रेस किसानों के लिए लाठी भी खाएगी और अगर जेल भी जाना पड़ा तो उमंग सिंघार 100 बार तैयार है। डर आपकी एफआईआर में दिख रहा है, किसानों की आवाज़ में नहीं। अन्नदाता की लड़ाई अब और मजबूती से लड़ी जाएगी। जय किसान - जय किसान।

विजय शाह मामले में भी सरकार पर साधा निशाना

उमंग सिंघार ने मंत्री विजय शाह से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा मंत्री विजय शाह के मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी भाजपा सरकार के चरित्र को उजागर करती है। एक महिला सेना अधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मंत्री को बचाने में सरकार पूरी ताकत लगा रही है, जबकि एसआईटी और अदालत बार-बार जवाब मांग रही है। उन्हाेंने मुख्यमंत्री से सवाल पूछते हुस कहा कि आखिर मंत्री विजय शाह को बचाने की इतनी कोशिशें क्यों? नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और न्याय की लड़ाई में चुप नहीं बैठेगी तथा सत्ता संरक्षण और अहंकार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story