बिजली संकट से परेशान किसानों का फूटा गुस्सा, शिवपुरी-पहाड़गढ़ मार्ग पर पांच घंटे चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
बिजली संकट से परेशान किसानों का फूटा गुस्सा, शिवपुरी-पहाड़गढ़ मार्ग पर पांच घंटे चक्काजाम


मुरैना(पहाड़गढ़), 28 नवंबर (हि.स.)। अघोषित बिजली कटौती और सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज किसानों ने शनिवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी-पहाड़गढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पहाड़गढ़ से करीब 21 किलोमीटर दूर कन्हार पंचायत के किसानों और ग्रामीणों ने सुबह सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब चार से पांच घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर यात्री वाहनों और ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

किसानों का कहना है कि खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसलों की सिंचाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन बिजली विभाग की ओर से 24 घंटे में महज एक से डेढ़ घंटे बिजली दी जा रही है। समय पर पानी नहीं मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की समस्या को लेकर लाइनमैन और कनिष्ठ अभियंता (जेई) से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। लगातार परेशानी के चलते उन्हें चक्काजाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पहाड़गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। इसके बाद बिजली विभाग के जेई, डीई सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर बिजली आपूर्ति की समस्या का शीघ्र निराकरण करने और प्रतिदिन आठ से दस घंटे बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। जाम खुलने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ।

किसान एवं ग्रामीण रामनिवास धनेरिया ने बताया कि गेहूं और सरसों की फसलों को सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन 24 घंटे में केवल एक से डेढ़ घंटे बिजली मिल रही है। इससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।

वहीं, कन्हार बिजली विभाग के जेई अशोक कुमार ने कहा कि लाइन पर अधिक लोड होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। व्यवस्था में सुधार कर जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story