(अपडेट) भोपाल में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग कर रहे किसान हिरासत में, दो बसों से थाने ले गई पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) भोपाल में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग कर रहे किसान हिरासत में, दो बसों से थाने ले गई पुलिस


- किसानों ने आंदोलन जारी रखने की दी चेतावनी

भोपाल, 24 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और 50 रुपये बोनस देने की मांग को लेकर दो दिन से धरने पर बैठे किसानों को मंगलवार शाम पुलिस ने हटा दिया। करीब 80 किसानों को दो बसों में बैठाकर कजलीखेड़ा थाने ले जाया गया। होशंगाबाद रोड पर वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर चल रहा प्रदर्शन भी खत्म करा दिया गया। किसानों ने पुलिस कार्रवाई को जबरन गिरफ्तारी बताते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

दरअसल, भोपाल में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान 400 रुपए प्रति क्विंटल के मौजूदा भाव को बढ़ाकर 600 रुपए करने और इसके साथ 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग पर अड़े हैं। किसान होशंगाबाद रोड पर वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर प्रदर्शन कर रहे थे। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर किसानों को हटाया। किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे थे। उनका कहना था कि जब तक गन्ने के भाव और बोनस को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं होता, वे आंदोलन स्थल से नहीं हटेंगे। किसानों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हटाया।

प्रशासन बोला- सार्वजनिक रास्ते पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं

एडीएम महेंद्र सिंह ने बताया कि किसान सार्वजनिक सड़क और सर्विस रोड पर धरना दे रहे थे। आसपास विश्वविद्यालय, एम्स और अन्य अस्पताल होने के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। प्रदर्शनकारियों के पास धरने की अनुमति भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार किसानों के संपर्क में थी और उनकी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाया गया था। किसानों को निर्धारित धरना स्थलों की जानकारी भी दी गई थी। प्रदर्शनकारी विधिवत आवेदन देकर अनुमति प्राप्त कर तय स्थान पर आंदोलन कर सकते हैं।

किसान बोले- दो दिन का समय देने के बाद भी कार्रवाई

राष्ट्रवादी किसान आर्मी के सदस्य राकेश धाकड़ ने आरोप लगाया कि शासन और पुलिस प्रशासन ने सभी किसानों को बलपूर्वक हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे थे। इस दौरान मुख्य सचिव निशांत वरवड़े और उमाशंकर भार्गव ने मांगों पर विचार के लिए दो दिन का समय देने की बात कही थी। किसानों से कहा गया था कि वे दो दिन बाद फिर आकर अपनी बात रखें, लेकिन इससे पहले ही उन्हें हटा दिया गया। धाकड़ ने कहा कि अब दो दिन तक प्रशासन के कदम का इंतजार किया जाएगा। यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल किसान यह जानना चाहते हैं कि हिरासत में लिए गए लोगों को कब तक छोड़ा जाएगा। रिहाई के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

कृषि सचिव से मिले पांच किसानों के प्रतिनिधि

धरना स्थल से हटाए जाने से पहले मंगलवार दोपहर पांच किसानों का प्रतिनिधिमंडल कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मिला था। मुलाकात के बाद किसानों ने बताया कि बुधवार को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच गन्ने के दाम के मुद्दे पर चर्चा होगी। इस बातचीत में होने वाले निर्णय के आधार पर किसान आगे का कदम उठाएंगे।

होशंगाबाद से भी पहुंचने वाले थे किसान

किसान नेताओं ने बताया था कि होशंगाबाद से भी बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल आ रहे हैं। किसानों की संख्या बढ़ने की सूचना के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। शुरुआत में यहां करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात थे, बाद में अतिरिक्त बल भी लगाया गया। किसानों ने सोमवार की रात भी प्रदर्शन स्थल पर खुले आसमान के नीचे बिताई थी। दो दिन से जारी धरने के बाद मंगलवार शाम पुलिस ने कार्रवाई कर प्रदर्शन स्थल खाली करा लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story